Jun 02, 11:51 pm


नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। काले धन के खिलाफ बाबा रामदेव के सत्याग्रह के समर्थन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ [आरएसएस] खुलकर सामने आ गया है। उसके देश भर फैले अपने संगठन को हर स्तर पर इस मुद्दे का समर्थन करने एवं माहौल बनाने को कहा है। संघ की शाखाओं की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी और वे भी इस आंदोलन को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। भाजपा पहले से ही इस आंदोलन का समर्थन कर रही है।
काले धन की वापसी का मुद्दा संघ एवं भाजपा का पुराना एजेंडा है। अब जबकि इसे बाबा रामदेव ने आंदोलन का स्वरूप दिया है तो इन दोनों का साथ आना लाजिमी है। भाजपा चूंकि राजनीतिक दल है, इसलिए यदि रामदेव अपने मंच को गैर राजनीतिक रखेंगे तो भाजपा बाहर से ही अपना पूरा समर्थन जारी रखेगी, लेकिन संघ गैर रानजीतिक संगठन होने के नाते इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लेगा। रामदेव का अनशन चार जून से दिल्ली में शुरू होगा और उसके साथ ही देश में विभिन्न स्थानों पर भी अनशन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के लिए इसके राजनीतिक पहलू भी हैं। उसका एजेंडा तो इससे जुड़ा ही है। वह रामदेव को भी अपने साथ जोड़कर रखना चाहती है। बाबा रामदेव की राजनीतिक महत्वाकांक्षा एवं गोविंदाचार्य के साथ राजनीतिक मोर्चा बनाने की संभावनाओं को देखते हुए भी भाजपा सतर्क है। भाजपा नहीं चाहती है कि बाबा रामदेव किसी भी तरह की राजनीतिक पार्टी खड़ी करे। इससे उसे खासा नुकसान हो सकता है।
समर्थन में उतरे संत-महंत
अयोध्या, जागरण संवाददाता। काला धन देश में वापस लाने के मुद्दे पर योग गुरु बाबा रामदेव के सत्याग्रह को अयोध्या के संत-महंतों के अलावा विश्व हिंदू परिषद ने भी बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। श्रीराम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ.रामविलास दास वेदांती ने कहा कि स्वामी रामदेव, स्वामी विवेकानंद व स्वामी दयानंद सरस्वती की अगली कड़ी के रूप में जनता के सामने आए हैं। इसलिए राष्ट्र जागरण के प्रत्येक मोर्चे पर संत उनका साथ देंगे।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर यदि स्वामी रामदेव उन्हें आमंत्रित न भी करें, तो भी वे राष्ट्रहित में उनके साथ बिना शर्त खड़े होंगे। उधर सदगुरु सदन गोलाघाट के महंत सियाकिशोरी शरण, सियारामकिला झुनकीघाट के महंत करुणानिधानशरण व स्वामी प्रभजानानंद ने कहा कि स्वामी रामदेव जाति, धर्म, पंथ व भाषा से परे हटकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में जिस प्रकार से आगे आए हैं, उससे लगता है कि भारत फिर से विश्वगुरु बनेगा। दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास, बड़ा फाटक के महंत गोविंद दास, मानव भूषण राममंगल दास, सुंदर सदन के महंत राममिलन दास व वयोवृद्ध रामायणी जगदेव दास ने कहा कि देश की जनता का पैसा देश में आना ही चाहिए और सभी संत बाबा रामदेव के साथ हैं।
विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि संगठन के अध्यक्ष अशोक सिंघल ने बाबा रामदेव के इस महा अभियान का समर्थन करने के लिए कार्यकर्ताओं से तैयार रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता सिंघल की अपील पर घर-घर जाकर लोगों से अभियान में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं।
No comments:
Post a Comment