Saturday, 4 June 2011

ठग हैं रामदेव, ठगों के साथ ऐसा ही होता है- दिग्विजय सिंह का फिर वार


नई दिल्ली. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने फिर एक बार बाबा रामदेव पर हमला किया है और कहा है कि वे ठग हैं और सभी को लंबे समय से ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव ने कानून तोड़ा और इसीलिए पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि वे अपनी पार्टी में भी यह मांग रखेंगे कि रामदेव की पूरी संपत्ति की जांच हो।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आज फिर बाबा पर हमला बोला है।  उन्होंने कहा कि वे गैर कानूनी काम कर रहे थे, जिस कारण पुलिस प्रशासन ने अपना काम किया। उन्होंने रामलीला मैदान पर योग शिविर के लिए पुलिस प्रशासन से इजाजत ली लेकिन वे वहां अनशन कर
रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासन का मामला है और कांग्रेस का इससे कुछ लेना देना नहीं है। लेकिन बाबा रामदेव ठग हैं और उन्होंने कई लोगों को ठगा है। जो व्यवहार उनके साथ किया गया है, वह पूरी तरह उचित है औऱ किसी भी ठग के साथ ऐसा ही  किया जाना चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने उनसे बात की और यह साबित किया कि सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूरी तरह गंभीर है। केंद्र सरकार और उनके मंत्रियों ने अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगाई, लेकिन बाबा ने उन्हें भी ठगने की कोशिश की। इसके बाद बाबा ने गलत बयान देकर अनशन में शामिल होने आए लोगों को ठगा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने गुरु शंकरदेव को ठगा, जिनसे योग की शिक्षा लेकर उन्होंने उन्हें छोड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से शंकरदेव लापता हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस बाबा से कभी भी नहीं डरी। उन्होंने कहा कि बाबा के पूरी संपत्ति की जांच कराई जाना जरूरी है और वे पार्टी फोरम में भी यह मांग करेंगे।

उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का पूरी तरह समर्थन किया और कहा कि यदि बड़ी संख्या में उनके समर्थक दिल्ली में जमा हो जाते तो यहां माहौल अनियंत्रित हो जाता।
आपका मत

क्या दिग्विजय सिंह का आरोप कि बाबा ने कानून तोड़ा है, इसीलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, सही है। क्या बाबा ने कईयों को ठगा है? इस मुद्दे पर आप भी दे सकते हैं अपना मत, लेकिन किसी भी आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए पाठक स्वयं जिम्मेदार होंगे। 

No comments:

Post a Comment